पुलिस मुठभेड़ में अरबाज खान ढेर: उमेश पाल हत्याकांड में था आरोपी

                          (बृजवासी शुक्ल) 

प्रयागराज। प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में शामिल एक बदमाश का एनकाउंटर किया है। बदमाश का नाम अरबाज है। मुठभेड़ सोमवार दोपहर धूमनगंज में नेहरू पार्क के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से अरबाज नेहरू पार्क इलाके में छिपा था। उसने थाना प्रभारी राजेश कुमार मौर्या पर गोली चलाई। राजेश के हाथ गोली लगी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। अरबाज के सीने और पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अरबाज को स्वरूपरानी नेहरू (SRN) अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल थाना प्रभारी राजेश का इलाज चल रहा है।

उमेश पाल पर हमला करने के बाद अरबाज का चेहरा CCTV फुटेज में आया था। पता चला था कि पुरामुफ्ती के सल्लाहपुर निवासी अरबाज नाम का शातिर अपराधी कार चला रहा था। उसने उमेश पर हमला भी किया था। अरबाज अतीक अहमद के बेटे असद का ड्राइवर था। हमलावरों की क्रेटा गाड़ी पुलिस ने बरामद की है। अरबाज को बाहुबली अतीक अहमद का बेहद खास माना जाता था। उसका पिता भी अतीक अहमद की गाड़ी चलाता था। अतीक अहमद की पत्नी और बसपा नेता शाइस्ता परवीन, उनके बेटे एजम, अबान, अली, उमर और दोस्त रेहान से पुलिस पूछताछ कर रही है। जेलों में बंद अतीक के गुर्गों से भी यूपी STF पूछताछ कर रही है। यही नहीं, अहमदाबाद जेल में बंद अतीक से मिलने वालों की भी डिटेल खंगाली जा रही है। इस काम में जेल अधीक्षक को भी लगाया गया है। पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि शूटर नेपाल न भाग जाएं। यही कारण है कि नेपाल के सीमावर्ती जिलों को अलर्ट मोड में डाल दिया गया है।

              (मुठभेड़ में ढेर अरबाज स्ट्रेचर पर) 

     अतीक की पत्नी ने की CBI जांच की मांग

अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है। शाइस्ता परवीन ने पत्र में प्रयागराज पुलिस कमिश्नर रमेश शर्मा और एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश पर विरोधियों से मिलकर पति अतीक अहमद और अतीक के छोटे भाई अशरफ की हत्या की सुपारी लेने का आरोप लगाया है। यह आशंका भी जताई है कि उनके पति अतीक अहमद और बेटों का पुलिस एनकाउंटर कर सकती है। शाइस्ता ने उमेश पाल हत्याकांड में दर्ज केस की सीबीआई से जांच करवाने की मांग भी की है।

       अतीक के घर के आसपास सर्च ऑपरेशन

उमेश पर हमले में अतीक के बेटे असद ने जिस संभावित सफेद रंग की क्रेटा कार का इस्तेमाल किया था। वह चकिया के अतीक के घर के पास एक खाली प्लॉट में लावारिस पड़ी थी। उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। एसटीएफ उस कार को कब्जे में लेकर इंजन और चेसिस नंबर से गाड़ी के मालिक तक पहुंच गई है। पूछताछ के बाद प्रयागराज पुलिस ने रविवार की शाम अतीक के घर के आसपास सर्च अभियान चलाया। हालांकि पुलिस को हमलावरों का कोई क्लू नहीं मिला है।

नामजद अतीक के गुर्गें गुलाम के भाई और भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राहिल हसन को भी पुलिस ने 24 फरवरी को ही उठा लिया। उसके बाद से उनका पूरा परिवार घर छोड़कर कहीं चला गया है। घर पर ताला लगा है। पुलिस ने राहिल हसन को हिरासत में ले रखा है। शिवकुटी थाना के रसूलाबाद में रहने वाले राहिल हसन के साथ ही गुलाम की पत्नी सना बेगम से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

ADG प्रशांत कुमार ने प्रेंस कांफ्रेंस में बताया कि मुठभेड़ में अरबाज मारा गया है। उसके पास से 32 बोर की पिस्टल बरामद हुई है। उप्र शासन और उप्र पुलिस ने सभी ऐसे पेशेवर माफिया और गैंगस्टर के खिलाफ अभियान छेड़ा है।
इन अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर भी धारा 120बी के तहत कार्रवाई की जाएगी। उप्र पुलिस अपील करती है कि कोई भी गलत व्यक्ति संरक्षण मांगे तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस अपराध में लिप्त सभी को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाया जाए। इन पर इनाम घोषित किया जाए। उप्र शासन के निर्देशों के क्रम में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

     हाईकोर्ट के वकीलों ने की हड़ताल की घोषणा

प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकीलों ने हड़ताल की घोषणा की है। वकीलों ने प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या निंदनीय है। Advocate Protection Act लागू किया जाए। हत्याकांड का खुलासा जल्द से जल्द किया जाए।

प्रयागराज में हुई उमेश पाल हत्याकांड में जहां बदमाश को ढेर कर दिया गया। वहीं, बरेली सेंट्रल जेल में अचानक से अफसरों ने छापा मारा। अधिकारी गोपनीय ढंग से जेल पहुंचे। इस जेल में बाहुबली अतीक अहमद का भाई बंद है। जहां डीएम डीआईजी ने बैरक की चैकिंग कराई। साथ ही पूर्व विधायक से पिछले दिनों जो लोग मिलाई करने आए हैं, उनकी भी जांच कराई जा रही है।
       सीएम से मिलीं पूजा पाल, मांगी Y+ सुरक्षा

चायल की सपा विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रविवार को उनके आवास पर मुलाकात की। अपने लिए Y+ श्रेणी सुरक्षा की मांग की है। पूजा पाल ने राजू पाल की हत्या के मामले में चल रही CBI जांच के गवाहों को सुरक्षा देने की मांग की है। पूजा पाल के मुताबिक, सीएम योगी ने कहा कि हमें मजबूती से खड़े रहने के लिए कहा गया है।

           अपराधियों के घरों पर चलेगा बुलडोजर

PDA यानी प्रयागराज विकास प्राधिकरण हत्याकांड में शामिल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। इन अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। इसमें दो अपराधियों के घरों की जानकारी जुटाई गई है। इनके घर राजरूपपुर और तेलियरगंज में हैं। इनके घर का नक्शा PDA की ओर से नहीं पास कराया गया है। PDA के उपाध्यक्ष अरविंद चौहान ने बताया, ''इस घटना में शामिल अपराधियों के घरों से जुड़े कागजात आदि देखे जा रहे हैं। जल्द ही बड़े कदम उठाए जाएंगे।

         ➖    ➖    ➖    ➖    ➖

देश दुनिया की खबरों के लिए गूगल पर जाएं

लॉग इन करें : - tarkeshwartimes.page

सभी जिला व तहसील स्तर पर संवाददाता चाहिए

मो. न. : - 9450557628

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रमंति इति राम: , राम जीवन का मंत्र

स्वतंत्रता आंदोलन में गिरफ्तार होने वाली राजस्थान की पहली महिला अंजना देवी चौधरी : आजादी का अमृत महोत्सव

सो कुल धन्य उमा सुनु जगत पूज्य सुपुनीत