यूपी में कल से फिर नाईट कर्फ्यू

                             (संतोष दूबे) 

लखनऊ । प्रदेश में रात के कर्फ्यू का दौर फिर लौट आया है। देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों और नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे की आशंका को देखते हुए योगी सरकार ने शनिवार से पूरे सप्ताह रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लाने का फैसला किया है। यही नहीं, शादी-विवाह तथा अन्य सार्वजनिक आयोजनों में कोविड प्रोटोकॉल के साथ अधिकतम 200 लोगों के ही शामिल होने की अनुमति होगी। आयोजनकर्ता को इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को देनी होगी। इस संबंध में मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने शुक्रवार देर शाम शासनादेश जारी कर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए टीम-9 की बैठक में अफसरों को रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान आवश्यक सेवाएं जैसे एंबुलेंस आदि संचालित रहेंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाजारों में ‘मास्क नहीं तो सामान नहीं’ के संदेश के साथ व्यापारियों को जागरूक किया जाए। बिना मास्क कोई भी दुकानदार ग्राहक को सामान न दे। सड़कों व बाजारों में हर किसी के लिए मास्क अनिवार्य किया जाए। पुलिस बल लगातार गश्त करे तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम को और प्रभावी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यूपी की सीमा में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की ट्रेसिंग-टेस्टिंग कराई जाए। बस, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। बाहर से आने वालों के स्वास्थ्य पर सतत नजर रखी जाए। आवश्यकतानुसार लोगों को क्वारंटीन किया जाए या अस्पतालों में भर्ती कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कोरोना की पहली व दूसरी लहर में निगरानी समितियों की भूमिका का सराहना करते हुए तीसरी लहर के मद्देनजर गांवों और शहरी वार्डों में निगरानी समितियों को पुन: सक्रिय करने पर जोर दिया है। सीएम ने प्रदेश के सभी सरकारी व निजी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। औद्योगिक इकाइयों में कोविड हेल्प डेस्क और डे केयर सेंटर फिर सक्रिय किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने वैक्सीनेशन और तेज करने पर भी जोर दिया है।

    टेस्टिंग और टीकाकरण में यूपी न. 1

19 करोड़ 14 लाख 94 हजार से अधिक कोविड टीकाकरण और 09 करोड़ 14 लाख से अधिक टेस्टिंग करके उत्तर प्रदेश टेस्टिंग और टीकाकरण देश में प्रथम स्थान पर है। यहां 06 करोड़ 73 लाख 17 हजार से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड का सुरक्षा कवर प्रदान कर दिया गया है। 12 करोड़ 41 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है। इस प्रकार टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की कुल आबादी में से 84.23 फीसदी को पहली और 45.66 फीसदी लोगों को दोनों डोज मिल चुकी है। वैक्सीनेशन को और तेज करने की जरूरत है। इस संबंध में सभी जरूरी प्रयास किए जाएं।

         ➖    ➖    ➖    ➖    ➖

देश दुनिया की खबरों के लिए गूगल पर जाएं

लॉग इन करें : - tarkeshwartimes.page

सभी जिला व तहसील स्तर पर संवाददाता चाहिए

मो. न. : - 9450557628

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रमंति इति राम: , राम जीवन का मंत्र

स्वतंत्रता आंदोलन में गिरफ्तार होने वाली राजस्थान की पहली महिला अंजना देवी चौधरी : आजादी का अमृत महोत्सव

निकाय चुनाव : बस्ती में नेहा वर्मा पत्नी अंकुर वर्मा ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत, भाजपा दूसरे और निर्दल नेहा शुक्ला तीसरे स्थान पर