बाउण्ड्री गिराकर जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाय @ जिला स्तरीय तहसील दिवस

तारकेश्वर टाईम्स (हि.दै.)


बस्ती ( सूवि उप्र. ) । जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी तहसील एवं थाने इसका अनुपालन सुनिश्चित कराएं। वे भानपुर तहसील समाधान दिवस में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की यह स्पष्ट नीति है कि भ्रष्टाचार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कुल 139 मामले आये, जिसमें से 23 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।  



            उन्होंने कहा कि भानपुर तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारित करे। तहसील दिवस में सुनवाई के दौरान राजमणि ने प्रार्थना पत्र दिया कि उसे विगत 2 वर्ष से खतौनी नहीं मिल रही है। उसे यह बताया गया है कि उसकी पत्रावली गायब है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में व्यक्तिगत रूचि लेते हुए 1 घंटे के भीतर उसकी खतौनी तैयार कराकर स्वयं अपने हाथों से प्रदान किया। इस संबंध में तहसील प्रशासन से भी रिपोर्ट प्राप्त की गई। बैदौली गांव में प्राइमरी स्कूल की बाउंड्री ना होने की जानकारी प्राप्त होने पर उन्होंने रामनगर के बीडीओ को तत्काल काम शुरू कराने का निर्देश दिया।
        उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय से निस्तारण किया जाना बेहद जरूरी है। लोगों को शासन-प्रशासन से अपनी समस्याओं के निस्तारण के प्रति पूरा आशा एवं विश्वास रहता है। इस दौरान शिकायतकर्ता को सुने तथा स्थानीय लोगों से जानकारी प्राप्त करें। यदि अधिकारी अपने अधीनस्थ को जांच के लिए भेजते हैं तो निस्तारण का नियमित रूप से पर्यवेक्षण भी करें।



        उन्होंने बताया कि तहसील दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, विद्युत, ग्रामीण विकास आदि विभागों की रही है। भूमि विवाद संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम बना कर मौके पर भेजी जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि विद्युत विभाग में ओटीएस की योजना 29 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करा कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें। अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि उनके क्षेत्र में 53000 के लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 12000 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी ने इस स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी कर्मचारियों के माध्यम से अभियान चलाकर इस योजना में लोगों को लाभान्वित कराएं।



          उन्होंने खाद्य विभाग को निर्देश दिया कि धान खरीद से छूटे हुए किसानों की सूची तैयार करें , ताकि उनकी धान खरीद के लिए शासन से अनुमति प्राप्त किया जा सके। धौराहरा गांव में शिकायत प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ने बिजली के पोल को अपनी बाउंड्री के अंदर कर लिया है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि यदि ऐसा है तो उसकी बाउंड्री तत्काल गिरवाई जाए तथा जेई को इसके लिए प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी जाए।
           तहसील समाधान दिवस का संचालन उप जिलाधिकारी आसाराम वर्मा ने किया। तहसीलदार देवकीनंदन त्रिपाठी ने भी लोगों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण का निर्देश दिया। तहसील दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक पंकज, सीएमओ डॉ जेपी त्रिपाठी, पीडी आरपी सिंह, डीडीओ अजीत कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त मनरेगा इंद्रपाल सिंह, जिला गन्ना अधिकारी रंजीत निराला, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी शुभ नारायण राव एवं विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
            -  -  -  -  -  -  -  -  -  -
देश दुनिया की खबरों के लिए गूगल पर जाएँ 
लाॅग इन करें : - tarkeshwartimes.page 
सभी जिला व तहसील स्तर पर संवाददाता चाहिए 
मो0 न0 : - 9450557628


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रमंति इति राम: , राम जीवन का मंत्र

स्वतंत्रता आंदोलन में गिरफ्तार होने वाली राजस्थान की पहली महिला अंजना देवी चौधरी : आजादी का अमृत महोत्सव

निकाय चुनाव : बस्ती में नेहा वर्मा पत्नी अंकुर वर्मा ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत, भाजपा दूसरे और निर्दल नेहा शुक्ला तीसरे स्थान पर