जार्ज फर्नांडीज सहित बिहार के 8 विभूतियों को पद्म पुरस्कार

तारकेश्वर टाईम्स (हि0दै0)


नई दिल्ली । बिहार और बिहार से संबंध रखने वाले विभिन्न क्षेत्र की आठ विभूतियों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा गया है। राजनीतिज्ञ जॉर्ज फर्नांडिस को जहां मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान मिला है वहीं अन्य सात को पद्मश्री के लिए चुना गया है। ये सभी अपने-अपने क्षेत्र की नामचीन हस्तियां हैं। सुजय कुमार गुहा जहां विज्ञान के क्षेत्र में बिहार का झंडा बुलंद कर रहे हैं वहीं शांति जैन, श्याम सुंदर शर्मा कला, विमल कुमार जैन, रामजी सिंह सामाजिक क्षेत्र, जबकि शांति राय चिकित्सा के क्षेत्र में बिहार का नाम रोशन कर रही हैं। इनके अलावा प्रसिद्ध विज्ञानी आइंस्टीन के सिद्धांत को चुनौती देने वाले महान गणितज्ञ डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह को भी मरणोपरांत पद्म अलंकरण मिला है।



डॉ. वशिष्ठ ने आइंस्टीन के सिद्धांत को दी थी चुनौती 
महान वैज्ञानिक आइंस्टीन के सापेक्षता के सिद्धांत को चुनौती देने वाले महान गणितज्ञ डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह को मरणोपरांत भारत सरकार पद्मश्री सम्मान से देने की घोषणा हुई है। भोजपुर जिला के जगदीशपुर निवासी स्व. सिंह ने नेतरहाट से मैट्रिक किया था। पटना साइंस कॉलेज में उन्होंने इंटर में टॉप किया। पढ़ने में इतने तेज थे कि पटना विवि प्रशासन ने उनके लिए नियम में बदलाव किया। स्नातक फाइनल परीक्षा में उन्होंने टॉप किया। इसके बाद पीजी में दाखिला लिया। हालांकि बाद में विदेश चले गए थे। वर्ष 1969 में  कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से पीएचडी की और वॉशिंगटन विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर बन गये। कुछ समय नासा में भी काम किया। ‌उनके गाइड जॉन केली ने अपनी बेटी के साथ विवाह प्रस्ताव दिया, जिसे डॉ. सिंह ने अस्वीकृत करते हुए कहा था कि मुझे अपने देश भारत जाना है। देश की सेवा करनी है। अपने देश के लिए जीना और मरना। 1971 में डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह वापस भारत लौट आये। शादी के बाद  उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी। बाद में 1974 में मानसिक रोग से ग्रसित होने के बाद रांची स्थित मानसिक आरोग्यशाला में उन्हें भर्ती कराया गया। बिहार सरकार ने उनका इलाज कराया। 74 वर्ष की उम्र में 14 नवंबर 2019 को उनका निधन हो गया। 


आठ बार बिहार से लोकसभा पहुंचे थे जॉर्ज
कर्नाटक के मंगलौर में तीन जून, 1930 को जन्मे जॉर्ज फर्नांडिस का बिहार से गहरा नाता रहा है। बिहार से वे आठ बार चुनाव जीत कर लोकसभा में पहुंचे थे। इनमें पांच बार मुजफ्फरपुर तो तीन बार नालंदा लोकसभा सीट से चुनाव जीते थे। मुजफ्फरपुर से सबसे पहले 1977 में जब वह चुनाव जीते तब जेल में थे। बिहार से एक बार वे राज्यसभा भी गए। अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्होंने वर्ष 1998 से 2004 तक रक्षा मंत्री का पद संभाला। इसी बीच 1999 कारगिल युद्ध हुआ, जिसमें भारत ने पकिस्तान को शिकस्त दी। 1989 से 90 तक वह रेल मंत्री रहे। इसके अलावा कई अन्य मंत्रालय भी उन्होंने संभाले। वर्ष 1994 में उन्होंने समता पार्टी का गठन किया। एनडीए के लंबे समय तक संयोजक भी रहे। जॉर्ज फर्नांडिस ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के अध्यक्ष भी रहे। उनके अध्यक्ष रहते ही रेलवे में सबसे लंबी हड़ताल हुई थी। वे 18 साल की उम्र से ही सोशलिस्ट पार्टी और ट्रेड यूनियन की गतिविधियों में हिस्सा लेने लगे थे। 



प्रो श्याम शर्मा मूलत: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन गांव के रहनेवाले हैं। इनका  जन्म 1941 में हुआ था। ये पिछले कई दशक से बिहार में रह रहे हैं। इनका मूल नाम श्याम सुंदर शर्मा है। ये कला एवं शिल्प महाविद्यालय पटना के प्राचार्य भी रह चुके हैं। 1998 में इन्हें राष्ट्रीय ललित कला अकादमी का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, तो वर्ष 2012 में बिहार सरकार ने इन्हें अबुल कलाम शिक्षा सम्मान भी दिया था। कई अंतरराष्ट्रीय छापाकला प्रदर्शनियों में इनकी पेंटिंग पुरस्कृत हो चुकी है। नीदरलैंड, फिनलैंड, सर्बिया, अमेरिका सहित कई देशों में कला-यात्रा कर चुके हैं। सफेद सांप (कविता संग्रह), स्याह, देखा-देखी बात (नाटक के संस्मरण), गांधी और सूक्तियां, काष्ठ छापाकला, चित्र परंपरा और बिहार, पटना कलम सहित दर्जनों पुस्तकें लिख चुके हैं।


पद्मश्री सम्मान मिलने पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि यह सम्मान बिहार के कलाकारों का सम्मान है। वर्षों की कला साधना का सम्मान है। कला के प्रति नियमित सृजन का फल है, जो पुरस्कार बिहार के एक छापा कलाकार को मिला है। 



 बिहार की कला को मिला सम्मान है : डॉ शांति जैन
पद्मश्री सम्मान से नवाजी गईं डॉ. शांति जैन का जन्म चार जुलाई 1946 को आरा में हुआ था। एचडी जैन कॉलेज आरा में संस्कृत की विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। वह पिछले कई दशक से पटना में रह रही हैं। डॉ. शांति जैन को वर्ष 2009 में संगीत नाटक अकादमी का राष्ट्रीय सम्मान मिला था, तो मध्यप्रदेश सरकार ने 2008 में राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान दिया था।  वह मानव संसाधन विकास, साहित्य सम्मेलन, हिंदी प्रगति समिति, अल्पसंख्यक आयोग, भाषा साहित्य परिषद् सहित कई संस्थानों की सदस्य रह चुकी हैं। हिंदी साहित्य के साथ-साथ लोक साहित्य में विशिष्ट कार्य करने के लिए चर्चित हैं। कई दर्जन किताबें लिख चुकी हैं।


बिहार गौरव गान लिखनेवाली डॉ. शांति जैन को लोक साहित्य पर विशेष कार्य करने के लिए पद्म पुरस्कार मिला है। सम्मान की घोषणा के बाद कहा कि सम्मान मिलने की खुशी है, लेकिन यह थोड़ी देर से मिला। सम्मान मिलने के बाद लोगों का ध्यान जाता है, यह अच्छी बात है। वास्तव में यह बिहार का सम्मान है। बिहार की कला का सम्मान है। सम्मान हमारे अंदर उत्साह भरता है। ऊर्जा मिलती है।
           ➖   ➖   ➖   ➖   ➖
देश दुनिया की खबरों के लिए गूगल पर जाएँ 
लाॅग इन करें : - tarkeshwartimes.page 
सभी जिला व तहसील स्तर पर संवाददाता चाहिए 
मो0 न0 : - 9450557628


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रमंति इति राम: , राम जीवन का मंत्र

स्वतंत्रता आंदोलन में गिरफ्तार होने वाली राजस्थान की पहली महिला अंजना देवी चौधरी : आजादी का अमृत महोत्सव

निकाय चुनाव : बस्ती में नेहा वर्मा पत्नी अंकुर वर्मा ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत, भाजपा दूसरे और निर्दल नेहा शुक्ला तीसरे स्थान पर