हिंदी हमारी पहचान - हिंदी हमारा गर्व, इनरव्हील क्लब का वेबिबार सम्पन्न


(वन्दना शुक्ला) 


बस्ती (उ.प्र.) । इनरव्हील क्लब बस्ती मिडटाउन की ओर से एक प्रदेश स्तरीय वेबीनार का आयोजन हिंदी दिवस के अवसर पर किया गया। वेबिनार का विषय था "हिंदी- हमारी पहचान, हमारा गर्व"। सेमिनार में प्रदेश के विभिन्न जनपदों जैसे बाराबंकी, फैजाबाद, शाहजहांपुर, बिजनौर, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर आदि नगरों के महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों व परिषदीय विद्यालयों से हिंदी शिक्षिकाओं, प्रवक्ताओं एवं व्याख्याताओं ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त हिंदी लेखन में स्वतंत्र लेखिका के रूप में कार्यरत महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।   



क्लब अध्यक्षा डॉ निधि गुप्ता ने बताया कि वर्तमान समय में हिंदी विश्व में तीसरी सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा है। यह भारत की आधिकारिक राज भाषा है। परंतु अत्यंत खेद का विषय है कि आज हिंदी के प्रयोग को स्टेटस सिंबल से जोड़ा गया है इसका प्रयोग करने वाले लोगों को दोयम दर्जे का समझा जाता है। यह समझना बहुत जरूरी है कि कोई भी भाषा अभिव्यक्ति का माध्यम है, प्रतिष्ठा का सूचक नहीं। हिंदी भाषा तो अभिव्यक्ति के तौर पर अत्यंत सशक्त है, सहज है व सरल है। वर्तमान परिदृश्य में हिंदी को साधारण बोलचाल की भाषा के रूप में प्रयोग में लाने पर बल देने की की नितांत आवश्यकता है। मनूचा डिग्री कॉलेज, फैजाबाद से हिंदी व्याख्याता डॉ सुधा राय, इस वेबिनार में जुड़ी और उन्होंने हिंदी को संस्कृत की बेटी बताया व देवनागरी लिपि मैं लिपिबद्ध हिंदी भाषा की वैज्ञानिकता की बात पटल पर रखी। डॉ रानी अग्रवाल, एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, हिंदी विभाग, जुहारी देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, कानपुर से वेबिनार में जुड़ी और उन्होंने हिंदुस्तान की शान हिंदी भाषा को हर दिल का अरमान व हर दिल की धड़कन कहा। डॉ अंजू बंसल, व्याख्याता वर्धमान डिग्री कॉलेज, बिजनौर से वेबिनार में जुड़ीं और उन्होंने वर्तमान समय में हिंदी की दुर्दशा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आज कॉन्वेंट स्कूलों में हमारे बच्चों को हिंदी बोलने पर सजा दी जाती है। इन परिस्थितियों में हिंदी दिवस को मनाने की प्रासंगिकता मंथन का विषय है।  



डॉ निधि त्रिपाठी, स्वामी शुकदेवानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शाहजहांपुर से वेबिनार में जुड़ी। उन्होंने हिंदी भाषा को मां समान वंदनीय बताया और कहा कि हिंदी मात्र एक भाषा नहीं वरन यह हमारी मातृभाषा है। इसके साथ हमारा जुड़ाव हमारी मां के साथ जुड़ाव जैसा है। शाहजहांपुर से आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की हिंदी प्रवक्ता श्रीमती प्रेमलता गुप्ता वेबीनार में जुड़ी और भारतेंदु हरिश्चंद्र जी के वक्तव्य निज भाषा उन्नति अहै सब उन्नति को मूल को दोहराते हुए कहा हिंदी भाषा के ज्ञान व विकास के बिना हिंदुस्तानी होने का कोई मतलब नहीं रह जाता। गोरखपुर से सेवानिवृत्त हिंदी व्याख्याता डॉ रजत वेबीनार से जुड़ी और उन्होंने हिंदी के सम्मान को देश का सम्मान बताया। लखनऊ से सेवानिवृत्त हिंदी व्याख्याता डॉ स्नेह वेबीनार से जुड़ी और उन्होंने हिंदी को भारत मां के माथे की बिंदी कहते हुए इसे हर हिंदुस्तानी की पहचान बताया। बाराबंकी से श्रीमती नीलम गुप्ता स्वतंत्र लेखिका के रूप में वेबीनार में जुड़ीं और उन्होंने हिंदी पर अपना काव्य पाठ प्रस्तुत कर सदन की वाहवाही लूटी। 



बस्ती से जिन महिलाओं ने मंच की शोभा बढ़ाई उनमें डॉ कंचन माला त्रिपाठी, प्रधानाध्यापिका, नकटी देई प्राथमिक विद्यालय कप्तानगंज, बस्ती, डॉ मंजू पाल प्रवक्ता, देश राज नारंग इंटर कॉलेज, वाल्टरगंज, बस्ती, डॉ रमा शर्मा, प्रवक्ता, देशराज नारंग इंटर कॉलेज, वाल्टरगंज, बस्ती एवं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बस्ती से डॉक्टर सबीहा मुमताज, श्रीमती गीता उपाध्याय, श्रीमती अंजू वर्मा व श्रीमती कविता वर्मा ने प्रतिभाग किया और हिंदी के प्रति अपने भाव प्रसून वर्चुअल मंच पर रखें। डॉ कंचन माला व डॉ मंजू सिंह का काव्य पाठ सदन में विशेष रूप से सराहा गया।  



आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज शाहजहांपुर से सेवानिवृत्त प्रवक्ता श्रीमती उर्मिला श्रीवास्तव जी, जो कि राष्ट्रीय मंच की प्रख्यात कवित्री हैं, ने पूरे कार्यक्रम की अध्यक्षता की व क्लब की ओर से आयोजित हिंदी नारा लेखन, हिंदी काव्य पाठ व हिंदी भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक की भूमिका भी निभाई। इन प्रतियोगिताओं के परिणाम की घोषणा करते हुए श्रीमती उर्मिला श्रीवास्तव जी ने क्लब के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। एक प्रख्यात कवित्री होने की के तौर पर उन्होंने हिंदी दिवस पर अपने स्वरचित छंद,मुक्तक व कविताएं पटल पर रखीं। उन्होंने नारी सशक्तिकरण पर भी एक कविता अपने कोकिल कंठ से सदन के पटल पर रखी और सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। क्लब के सभी सदस्यों ने यह निर्णय लिया कि करोना काल के खत्म होने पर उनसे रूबरू होकर उनकी कविताओं का श्रवण पूरे रस एवं आनंद के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष डॉ निधि गुप्ता ने स्वयं किया। क्लब के सभी सदस्यों का इस कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग रहा।


         ➖    ➖    ➖    ➖   ➖


देश दुनिया की खबरों के लिए गूगल पर जाएं


लॉग इन करें : - tarkeshwartimes.page


सभी जिला व तहसील स्तर पर संवाददाता चाहिए


मो. न. : - 9450557628


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रमंति इति राम: , राम जीवन का मंत्र

स्वतंत्रता आंदोलन में गिरफ्तार होने वाली राजस्थान की पहली महिला अंजना देवी चौधरी : आजादी का अमृत महोत्सव

निकाय चुनाव : बस्ती में नेहा वर्मा पत्नी अंकुर वर्मा ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत, भाजपा दूसरे और निर्दल नेहा शुक्ला तीसरे स्थान पर